Loading...

निम्स यूनिवर्सिटी के छात्र मोहित सैनी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Gargachary Times 1 September 2026, 21:14 3 views
Mathura
निम्स यूनिवर्सिटी के छात्र मोहित सैनी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
डी डी शर्मा ..राजस्थान के जयपुर स्थित निम्स यूनिवर्सिटी के छात्र मोहित सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के दादा हरस्वरूप सैनी ने जयपुर के चंदवाजी थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। इसके साथ ही परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार की शाम 5 बजे मृतक के भाई और चाचा का कहना है कि मोहित आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को कुछ अज्ञात लोगों ने मोहित को जबरन गाड़ी में डालकर उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल व पैसे छीन लिए थे। परिजनों का आरोप है कि इस घटना की शिकायत मोहित ने चंदवाजी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने उस शिकायत पर गंभीरता से ध्यान दिया होता, तो आज मोहित जीवित होता। वहीं, मृतक की बहन ने भी बताया कि मोहित पढ़ाई में बहुत होशियार था और घर में किसी भी तरह का तनाव नहीं था, इसलिए वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। परिजनों को इस बात पर बिल्कुल यकीन नहीं हो रहा है, जबकि जिस पीजी में वह रहता था, वहाँ के संचालक और पुलिस का कहना है कि मोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इधर मामले में जयपुर चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह के मुताबकि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Follow Samachar24