Loading...

नाम बदलकर किरायेदार बना शातिर चोर, घर में चोरी कर हुआ फरार; पुलिस ने जेवरात व तमंचे सहित दबोचा

Gargachary Times 1 September 2026, 21:23 5 views
Firozabad
नाम बदलकर किरायेदार बना शातिर चोर, घर में चोरी कर हुआ फरार; पुलिस ने जेवरात व तमंचे सहित दबोचा
शिकोहाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात के साथ 315 बोर का अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना नाम बदलकर किरायेदार बनकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी निवासी मुन्नालाल 28 अगस्त को परिवार सहित जसवंतनगर स्थित अपनी ससुराल गए थे। वापस लौटने पर मकान के मुख्य गेट का ताला खुला मिला और अलमारी के लॉक टूटे हुए थे। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। जांच में सामने आया कि परिवार ने 15 अगस्त को विनय नाम के व्यक्ति को किरायेदार रखा था, जो घटना के बाद से फरार था। इस मामले में थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर असुवा रोड, नौशहरा मोड़ के पास से जमील अहमद उर्फ मोनू निवासी फरीदाबाद, हाल निवासी सिरसागंज को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से नेकलेस सेट, टॉप्स, झुमकी, पेंडल-चेन, तीन अंगूठियां, मंगलसूत्र और चूड़ी के 16 टुकड़े बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने विनय नाम बताकर किराये पर कमरा लिया था और रक्षाबंधन के अवसर पर परिवार के बाहर जाने का इंतजार कर रहा था। मौका मिलते ही उसने अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने चोरी के मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। वहीं तमंचा और कारतूस मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
Follow Samachar24