ब्रांडेड कुट्टू का आटा ही खरीदें, फलाहार में भी बरतें साबधानी, पिछले साल खुले आटे से सैकड़ों लोग पड़े थे बीमार, इस बार स्वास्थ्य विभाग ने किया अलर्ट
Gargachary Times
2 September 2026, 19:47
37 views
Mathura
फरह । जन्माष्टमी पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को कुट्टू का आटा खरीदते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी। बरसात में आटे के खराब होने की आशंका को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रामवीर सिंह ने लोगों से खुले में बिकने वाला आटा नहीं खरीदने और ब्रांडेड कंपनी का पैक्ड आटा ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि कुट्टू का आटा खरीदते समय पैकेट पर कंपनी का नाम, निर्माण व पैकिंग की तारीख और एक्सपायरी डेट जरूर देखें। पैकेट की सील और उसकी स्थिति भी जांच लें। यदि आटे में नमी, गांठ, असामान्य रंग या दुर्गंध हो तो उसका उपयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि खुले आटे में मिलावट और नमी से खराब होने का खतरा अधिक रहता
पिछले वर्ष जन्माष्टमी के दौरान फरह क्षेत्र में खुले कुट्टू के आटे का सेवन करने से सैकड़ों लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई थी। बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की थी।
डॉ. रामवीर सिंह ने कहा कि व्रत के दौरान केवल कुट्टू के आटे को लेकर ही नहीं, बल्कि फलाहार की अन्य सामग्री को लेकर भी सतर्कता जरूरी है। श्रद्धालु ताजे और अच्छी गुणवत्ता वाले फल ही खाएं, लंबे समय से कटे हुए या खुले में रखे फलों से बचें। साफ पानी पीएं और स्वच्छता का ध्यान रखें। किसी भी खाद्य पदार्थ के सेवन के बाद उल्टी, दस्त, चक्कर या कमजोरी महसूस हो तो तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें।