Loading...

12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक, अधिकाधिक मामलों के निस्तारण पर जोर

Gargachary Times 2 September 2026, 20:50 41 views
Firozabad
12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक, अधिकाधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
फिरोजाबाद। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर में अधिकारियों एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने की। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व, पुलिस अधीक्षक नगर, एआरटीओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, समस्त एसडीएम तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी देव दत्त भी बैठक में उपस्थित रहे। जनपद न्यायाधीश ने लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका जनपद से लेकर तहसील और ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि आमजन को सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के त्वरित निस्तारण की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत सरल, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समझौता योग्य अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैंक प्रतिनिधियों से ऋण वसूली एवं अन्य प्री-लिटिगेशन मामलों में संबंधित पक्षकारों से प्रभावी संपर्क कर आपसी सहमति से निस्तारण के लिए प्रेरित करने को कहा गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देव दत्त ने भी व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के लिए सभी विभागों से सहयोग की अपील की। अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Follow Samachar24