हजरत हमीदुद्दीन चिश्ती सूफी साहब बाबा का 808वां उर्स शुरू, दरगाह और मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Gargachary Times
4 September 2026, 20:35
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। यमुना किनारे स्थित हजरत हमीदुद्दीन चिश्ती सूफी साहब बाबा की दरगाह पर 808वें तीन दिवसीय उर्स को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उर्स के दौरान बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला स्थल, दरगाह, यमुना घाट और आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।उर्स की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, सीओ सदर तेजस त्रिपाठी, एलआईयू इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह और करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने दरगाह और मेला स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा अलग-अलग विभागों की टीम बनाकर मेला स्थल पर कैंप लगाकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। मेला स्थल और रास्तों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी पुलिस बल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में मेला इंचार्ज, संबंधित थाने या 112 पर सूचना दी जा सकती है।
सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि मेले में आने वाले सभी प्रमुख मार्गों, दरगाह और यमुना क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। दिन-रात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है और श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।करबला कमेटी अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने बताया कि उर्स में देश के कोने-कोने से मुरीद और जायरीन पहुंचते हैं। तीन दिनों तक दरगाह पर चादरपोशी के साथ विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पहले दिन मुशायरा, दूसरे दिन कव्वाली और तीसरे दिन कुल शरीफ का आयोजन होगा। मुशायरे में अंतरराष्ट्रीय स्तर के शायर और कव्वाली कार्यक्रम में देशभर के मशहूर कव्वाल शिरकत करेंगे।
उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि यमुना में पानी का बहाव तेज है, इसलिए कोई भी व्यक्ति नदी की ओर न जाए। रेल की पटरियां पार न करें, बारिश के दौरान दोपहिया वाहन धीमी गति से चलाएं और बच्चों को अपने साथ रखें। उन्होंने लोगों से अकीदत के साथ मेले में आने, एक-दूसरे का ख्याल रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।