Loading...

साधु-संतों ने धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव

Gargachary Times 5 September 2026, 20:11 30 views
Dharam
साधु-संतों ने धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव
वृंदावन । नगर के ज्ञान गुदड़ी स्थित मदन मोहन कुंज आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ साधु-संतों की मौजूदगी में मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आश्रम के महंत नारदटीला पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मध्य रात्रि में ठाकुर जी का विधि-विधान पूर्वक महाभिषेक किया गया। भगवान के जन्म के समय मंदिर परिसर में घंटे-घड़ियाल और शंखनाद से वातावरण भक्तिमय हो उठा। साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। उन्होंने बताया कि महाभिषेक के उपरांत ठाकुर जी का आकर्षक श्रृंगार कर नवीन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराए गए। भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त आश्रम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। जन्माष्टमी के अगले दिन आश्रम में नंदोत्सव का आयोजन भी श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। नंदोत्सव के दौरान साधु-संतों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में बधाई गीत एवं भजन प्रस्तुत किए। भक्तों ने एक-दूसरे को बधाई दी और प्रसाद का वितरण किया गया। आचार्य हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम के साधु-संत, सेवायत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Follow Samachar24