सभी नागरिकों की सहभागिता से तैयार किया जा रहा है विकसित उत्तर प्रदेश @2047 का रोडमैप
Gargachary Times
9 September 2025, 17:52
339 views
Mathura
समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के तहत संस्कृति यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम का हुआ संपन्न। कार्यक्रम में से०नि० विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र आगरा श्री अरूणोदय बाजपेयी जी, से०नि० मुख्य कार्यकारी अभियन्ता सिविल श्री कुलदीप कुमार जी एवं सह० निदेशक / सह० प्राध्यापक सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविधालय मेरठ डा0 विपिन कुमार जी प्रबुद्धजन के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेष संवाद एवं विचार-मंथन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं मीडिया बंधुओं के साथ संवाद कर उनके विचार संकलित किए गए।
से०नि० विभागाध्यक्ष राजनीति शास्त्र आगरा श्री अरूणोदय बाजपेयी जी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों से यह जानना है कि वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश का विजन कैसा होना चाहिए। इसी आधार पर शासन ने प्रबुद्धजनों को जिले में भेजा है ताकि हर वर्ग से सुझाव प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए प्रत्येक परिवार से कम से कम एक सुझाव आना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1947 में प्रदेश की स्थिति क्या थी और आज क्या है, यह सबके सामने है। जब देश आज़ादी का शताब्दी वर्ष 2047 मनाएगा, तब तक प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाना हमारा साझा लक्ष्य है।
सह० निदेशक / सह० प्राध्यापक सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविधालय मेरठ डा0 विपिन कुमार जी ने जनता से निस्संकोच अपने सुझाव देने की अपील की और बताया कि जो सुझाव विशेष रूप से उपयोगी पाए जाएंगे, उन्हे माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्र का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और विभिन्न संगठनों से सुझाव और अनुभव प्राप्त करना, उन्हें अभियान के विजन डॉक्यूमेंट में समाहित करना और प्रदेश के विकास की दिशा में नागरिकों की भागीदारी को सशक्त बनाना था।
से०नि० मुख्य कार्यकारी अभियन्ता सिविल श्री कुलदीप कुमार जी ने कहा कि प्रदेश अगले 22 वर्षों में कैसे विकसित हो, इसका उत्तर अब नागरिकों के सुझावों से मिलेगा। उन्होंने अपील की कि नागरिक इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने विचार और सुझाव सक्रियता से साझा करें। उन्होंने प्रतिभागियों को अभियान की प्रक्रिया, महत्व और पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की प्रमुख उपलब्धियों से अवगत कराया। प्रतिभागियों ने कृषि और गन्ना उत्पादन, औद्योगिक और उद्यमशीलता विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और तकनीकी नवाचार जैसे क्षेत्रों से जुड़े सुझाव साझा किए।