डीएम ने जिला अस्पताल समेत तीन स्वास्थ्य संस्थानों का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
6 September 2026, 21:26
50 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी के साथ जिला अस्पताल, सौ शैय्या अस्पताल एवं 200 शैय्या चिकित्सा महाविद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और चिकित्सा सेवाओं का व्यापक जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों, ओपीडी और अस्पताल परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों और कर्मचारियों के व्यवहार की जानकारी ली।
डीएम ने मौसम में बदलाव के कारण बढ़ रहे सर्दी, जुकाम, बुखार और फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में की गई तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अस्पताल परिसर में जहां कहीं भी गंदगी अथवा अव्यवस्था दिखाई दी, उसे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि अस्पताल की लिफ्ट, चिकित्सा उपकरण अथवा कोई अन्य सुविधा बंद पड़ी है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराकर सुचारू कराया जाए। अस्पताल परिसर में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा मानव जीवन की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। इन क्षेत्रों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, समुचित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।