Loading...

बारिश में भीगते मिले गौवंश के बच्चे, डीएम ने लगाई फटकार

Gargachary Times 6 September 2026, 21:26 50 views
Firozabad
बारिश में भीगते मिले गौवंश के बच्चे, डीएम ने लगाई फटकार
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी एवं सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय के साथ रविवार को ककरऊ कोठी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गौवंशों के रख-रखाव, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान गौवंश के छोटे-छोटे बच्चे बारिश में भीगते हुए मिले। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित केयरटेकर और सेनेटरी इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में गौवंश के छोटे बच्चे बारिश में भीगते हुए नहीं मिलने चाहिए। भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने गौशाला में बीमार एवं चोटिल गौवंशों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी घायल एवं बीमार गौवंशों का तत्काल बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को बताया गया कि कान्हा गौशाला में कुल 322 गौवंश संरक्षित हैं। उन्होंने भूसा, हरा चारा और पेयजल की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि चारे और पानी की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके खानपान की व्यवस्था शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। गौशाला में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को गौवंशों के साथ संवेदनात्मक व्यवहार करने और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।डीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की सीधी जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24