110 मरीजों की आंखों की जांच, 15 मोतियाबिंद रोगियों का ऑपरेशन के लिए चयन
Gargachary Times
7 September 2026, 20:45
60 views
Mathura
वृंदावन। पुनीत शुक्ला
बसेरा ग्रुप के चेयरमैन राम किशन अग्रवाल ने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय जयंती प्रसाद अग्रवाल की स्मृति में सोमवार को गोपाल वाटिका, वृंदावन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन कराया। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
शिविर का शुभारंभ राम किशन अग्रवाल ने श्री राधा-कृष्ण के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने 110 मरीजों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि 25 मरीजों को चश्मे भी वितरित किए गए।
नेत्र परीक्षण के दौरान 15 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई। इन मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उनकी आंखों की रोशनी बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
इस अवसर पर राम किशन अग्रवाल ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सभी का नैतिक दायित्व है। नेत्र चिकित्सा जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा जब जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध होती है तो इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
वृंदावन सेवा संस्थान के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्राफ ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसे शिविर बेहद उपयोगी हैं। सामाजिक संस्थाओं और सेवा भावी लोगों के सहयोग से जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहना चाहिए।
शिविर का आयोजन निरफाद अस्पताल, छटीकरा और वृंदावन सेवा संस्थान के सहयोग से किया गया। इस दौरान एन.के. मिश्रा, कन्हैया शुक्ला, ए.के. भटनागर, एस.के. मिश्रा, विश्वनाथ गुप्ता, ओम प्रकाश, वैभव भारद्वाज, भीमसेन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, राम किशन जी, मीनैश यादव, योगेश शर्मा, अलफिया, नूरजहां, आर्यन, मुस्कान, फ़िजा, सम्पत्ति देवी, किशोरी, खेम चंद्र, अनोखे लाल, बृजमोहन सहित अनेक लोग मौजूद रहे। शिविर गोपाल वाटिका, निकट सुवटी देवी स्कूल, वृंदावन में आयोजित किया गया।