शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनीं 97 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण
Gargachary Times
7 September 2026, 20:58
39 views
Firozabad
शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को तहसील सभागार शिकोहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस में शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जन समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष पैमाइश और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण के मामलों में तत्काल स्थलीय जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के लिए सौंपा गया।
मौजा दिवनारा की रचना पचौरी ने गाटा संख्या 864 पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने थानाध्यक्ष और तहसीलदार शिकोहाबाद को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं कनवारा निवासी विजय कुमार ने गाटा संख्या 243 भाग 239 की पैमाइश के बाद भी मेड़ डालने में बाधा की शिकायत की, जिस पर पुलिस एवं राजस्व टीम को मौके पर भेजकर निस्तारण के निर्देश दिए गए।नीतू ने गाटा संख्या 514 में सहखातेदारों द्वारा कम रकबा दिए जाने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने पूर्व में निस्तारित शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शिकायतकर्ताओं कमलेश कुमार, रघुवीर सिंह आदि से फोन पर बातचीत कर फीडबैक भी लिया। शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।