ग्राम विदरखा में जन चौपाल: डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
7 September 2026, 21:00
47 views
Firozabad
जन समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से ‘‘प्रशासन जनता के द्वार’’ पहल के तहत सोमवार को शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्राम विदरखा में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
जन चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें रखीं।
ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ दिलाने के लिए समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, जल जीवन मिशन तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्टॉल लगाए गए। जिलाधिकारी ने इस दौरान शिशुओं का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई। वहीं 15 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए। उन्होंने 15 वर्ष की बालिकाओं को कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगवाने की सलाह दी।
डीएम ने किसानों से सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराने तथा बिना राशन कार्ड वाले परिवारों को फैमिली आईडी बनवाने की अपील की।
चौपाल में प्राप्त 10 शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि वही समस्याएं दोबारा सामने न आएं। आवास योजना से संबंधित शिकायतों पर बीडीओ को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पंचायत घर में लेखपाल और पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को शाम तक प्राप्त सभी शिकायतों की विस्तृत सूची तैयार कर त्वरित कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक होने वाली जनसुनवाई में अपनी समस्याएं रखने की अपील की।