स्वच्छ वायु के लिए विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, दिव्या शर्मा प्रथम, शिवानी द्वितीय और लवली तृतीय
Gargachary Times
7 September 2026, 21:00
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फिरोजाबाद द्वारा कोमल फाउंडेशन के सहयोग से स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन श्री गोपी श्याम इंटर कॉलेज, कौशल्या नगर, जलेसर रोड में किया गया। कार्यक्रम का विषय “इंटरनेशनल डे ऑफ क्लीन एयर फॉर ब्लू स्काइज” रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छ वायु के महत्व, वायु प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और स्वच्छ वायु तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में दिव्या शर्मा ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय और लवली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 11 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता एवं सांत्वना पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक वैज्ञानिक अधिकारी एस.एस. चौहान ने कहा कि वायु प्रदूषण वर्तमान समय की गंभीर पर्यावरणीय चुनौती है। स्वच्छ वायु का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
के.के. सारस्वत ने कहा कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए जनजागरूकता के साथ लोगों की जीवनशैली और व्यवहार में बदलाव भी जरूरी है। कूड़ा न जलाना, अनावश्यक वाहनों के इस्तेमाल से बचना, पौधरोपण करना और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाना स्वच्छ वायु की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं राज्य युवा पुरस्कार विजेता अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्वेंद्र सिंह, प्रशासक मुकेश दीक्षित, चेतन दीक्षित, अर्चना शर्मा, कोमल फाउंडेशन की रेशमा कुशवाहा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ वायु, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपने स्तर पर प्रभावी प्रयास करने का संकल्प लिया।