मानव शक्ति पार्टी ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Gargachary Times
7 September 2026, 21:05
44 views
Firozabad
मानव शक्ति पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को तहसील टूंडला पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम दिव्या सिंह को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष विनीत बसंत एवं जिला अध्यक्ष फिरोजाबाद शैलेंद्र सिंह चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सौंपा।
पार्टी नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने तथा जर्जर हालत में पड़े प्राथमिक विद्यालयों की इमारतों की मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना था कि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सरकारी स्कूलों की मूलभूत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना आवश्यक है।इसके अलावा किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को खुले बाजार में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को अभियान चलाकर भरने की मांग भी रखी, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की गई। साथ ही प्रदेश में शराबबंदी लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सलाहकार समिति के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण पूर्व प्रधान, प्रदेश महासचिव महिपाल सिंह एडवोकेट, रुमाल सिंह एडवोकेट, मंजीत सिंह, प्रदेश सचिव मोनू यादव, महिपाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष आगरा राम मोहन यादव, जिला महासचिव विपिन कुमार, महिला मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष साधना देवी चौहान, अरुणा पाल, अनुपम सक्सैना, निर्मला जादौन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनु सिंह, जिला महासचिव रेनू यादव, विधानसभा सचिव सिरसागंज संध्या शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष टूंडला गिरिजा देवी, जिला अध्यक्ष व्यापक प्रकोष्ठ मनमोहन कुमार, टीटू यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।