Loading...

बांके बिहारी मंदिर में लाइव दर्शन से लेकर स्वर्ण-रजत सिंहासनों तक पर मंथन

Gargachary Times 8 September 2026, 22:17 5 views
Mathura
बांके बिहारी मंदिर में लाइव दर्शन से लेकर स्वर्ण-रजत सिंहासनों तक पर मंथन
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 19वीं बैठक मंगलवार को वृंदावन के लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में हुई। अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एवं समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने की। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, आगामी पर्वों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मंदिर के सफाई कर्मचारियों के पूर्व से लंबित भुगतान का मामला रखा गया। भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित करने को लेकर समिति ने विचार किया। इसके साथ ही आगामी त्योहारों एवं पर्वों को देखते हुए मंदिर में आवश्यक व्यवस्थाओं और तैयारियों पर चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई। ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन की लाइव स्ट्रीमिंग का मुद्दा भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहा। सजीव प्रसारण के लिए प्रसार भारती की ओर से मिले आवेदन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही लाइव प्रसारण के दौरान विज्ञापन से संबंधित नीति निर्धारित करने के विषय पर भी समिति ने विचार किया। भक्तों एवं श्रद्धालुओं द्वारा ठाकुरजी की सेवा के लिए दान किए गए स्वर्ण एवं रजत स्वरूपों के उपयोग को लेकर प्राप्त शिकायत भी बैठक में रखी गई। शिकायत के अनुसार स्वर्ण-रजत हिंडोला, रथ, रजत शेष सिंहासन, स्वर्ण एवं रजत नौका, हाथी सूंढ़ सिंहासन, सूर्यप्रभा सिंहासन और चंद्रप्रभा सिंहासन आदि का इस वर्ष परंपरा के अनुरूप ठाकुरजी की सेवा में प्रयोग नहीं किया गया। समिति ने मामले पर परिचर्चा की। मंदिर में फूलों की सजावट लगातार जारी रखने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। वहीं, बैंकों के प्रबंधकों के साथ पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। समिति के कार्यभार संभालने के बाद मंदिर और श्रद्धालुओं के हित में बैंकों द्वारा कराए गए कार्यों तथा उन पर हुए खर्च का विवरण भी बैठक में रखा गया। बैठक में समिति अध्यक्ष अशोक कुमार, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, सिविल जज प्रत्यूष आनंद मिश्रा, जिलाधिकारी एवं सदस्य सचिव चंद्र प्रकाश सिंह, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एएसआई की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार सहित राजभोग और शयनभोग समूह के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24