डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सतर्कता समिति की बैठक में खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता पर दिया जोर, 11 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश
Gargachary Times
9 September 2026, 22:37
52 views
Firozabad
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग की सतर्कता समिति एवं सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, ई-पॉस व ई-वेइंग मशीनों की कार्यप्रणाली, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण तथा उचित दर दुकानों से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जनपद में वर्तमान में 4,85,147 राशन कार्ड प्रचलित हैं। इनमें 32,238 अंत्योदय तथा 4,52,909 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड शामिल हैं। लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए जिले में कुल 859 उचित दर दुकानें संचालित हैं, जिनमें 201 नगरीय और 658 ग्रामीण क्षेत्र की दुकानें हैं।*
अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 36 अंत्योदय और 2,311 पात्र गृहस्थी के नए राशन कार्ड जारी किए गए। वहीं 30 दिन से अधिक समय से 2,597 आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन आवेदनों को मिशन मोड में लेकर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
अगस्त 2026 में कुल 4,83,040 राशन कार्डों के सापेक्ष 4,41,776 कार्डों पर 91.46 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण ई-पॉस मशीनों के माध्यम से किया गया।
राशन डिस्पैच में अनावश्यक देरी पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दोपहर 2:30 से 3:00 बजे तक गोदाम से ट्रकों में राशन लोड कर डिस्पैच कर दिया जाए, ताकि वाहन रास्ते में या अन्य स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकें। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए। राशन उठान में देरी अथवा किसी समस्या की स्थिति में संबंधित पूर्ति निरीक्षक को तत्काल सूचना देने के निर्देश भी दिए।11 अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन
वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 23 अन्नपूर्णा भवनों के सापेक्ष 11 भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इनमें पांच भवन अंतिम चरण में हैं, जबकि छह भवनों का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी निर्माणाधीन भवनों का कार्य शीघ्र पूरा कराकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय प्रशासन की उपस्थिति में लोकार्पण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उचित दर दुकानों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। जनपद में 10 दुकानें निरस्त की गई हैं, जिनमें नौ ग्रामीण और एक नगरीय दुकान शामिल है। वहीं तीन ग्रामीण दुकानें निलंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित मामलों में नियमानुसार शीघ्र सुनवाई कर पारदर्शी तरीके से बहाली अथवा नए आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।डीएम ने वितरित किए अंत्योदय कार्ड
बैठक के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सुनीता देवी, लवि कुमारी, उर्मिला, नीतू, गुड्डी देवी, लक्ष्मी देवी, प्रीति देवी, दुर्गेश कुमार, अनीस अहमद और अफसा परवीन को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए।