राधाष्टमी पर्व को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, बरसाना में 7 जोन और 20 सेक्टर में बांटा मेला क्षेत्र
Gargachary Times
10 September 2026, 21:04
51 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
38 होल्डिंग एरिया, 50 पार्किंग स्थल और 155 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
श्री राधारानी के प्राकट्य दिवस राधाष्टमी पर्व को लेकर मथुरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में राधाष्टमी पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, सफाई और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार ने बताया कि राधाष्टमी पर्व को देखते हुए बरसाना के मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टर में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। इसके अलावा 50 पार्किंग स्थल, 6 वॉच टावर, 88 बैरियर, 14 बैरिकेडिंग, 12 गोताखोर, एक नाव, 35 पानी के टैंकर, 30 मोबाइल टॉयलेट, 100 लाउडस्पीकर और 7 जूताघर बनाए जाएंगे।
155 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
बरसाना के लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन सभागार में मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। मेला क्षेत्र में कुल 155 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इनमें स्थायी रूप से 22 स्थानों पर 60 कैमरे तथा श्रीराधारानी मंदिर पर 32 कैमरे पहले से स्थापित हैं। वहीं अस्थायी रूप से 27 स्थानों पर 63 कैमरे लगाए जाएंगे।
भीड़ नियंत्रण के लिए पीली कोठी, श्रीजी गेट, कटारा पार्क, संजय वकील तिराहा, सुदामा चौक, सफेद छतरी और जयपुर मंदिर सहित 7 स्थानों पर स्टैटिक सेट लगाए जाएंगे। छह स्थानों पर वॉच टावर भी बनाए जाएंगे।
12 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 हेल्थ कैंप और मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। श्रीराधारानी मंदिर प्रांगण, जयपुर मंदिर, श्रीजी गेट, सर्राफा बाजार, रंगीली गली, गहबर वन, सुदामा चौक, बस स्टैंड, थाना बरसाना, मान मंदिर सहित प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसाना को कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। डीएम ने बाइक एंबुलेंस, नियमित दूरी पर एंबुलेंस तथा नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग कराने के साथ एंटी-वेनम दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
200 बसें रहेंगी तैनात
एआरएम रोडवेज ने बताया कि मेले के दौरान 160 बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि 40 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। सभी बसों के लिए दो-दो चालकों की व्यवस्था की जाएगी।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ट्रांसफॉर्मर और विद्युत पोल की प्लास्टिक रैपिंग कराने को कहा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच और दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने, लाइटिंग के साथ कपड़े की सजावट, वॉल पेंटिंग और फसाड लाइटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। भंडारों के आयोजन के साथ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। सिंचाई विभाग को नहर की सफाई और आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार के निर्देश
एसएसपी श्लोक कुमार ने संपूर्ण मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह और सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह को निर्देशित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी और पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर अनाउंसमेंट कराने को कहा। खोया-पाया केंद्र को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने वन विभाग को झाड़ियों की कटाई और पेड़ों की छंटाई, अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर सिलेंडर एवं अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। रोप-वे की जांच कराने तथा जर्जर मकान, दुकान, होटल और धर्मशालाओं के स्वामियों को नोटिस जारी करने को कहा गया। साथ ही मेला क्षेत्र में अधिकाधिक दिशा-सूचक चिन्ह लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।