Loading...

शिकोहाबाद पराग डेयरी पर किसानों के दूध का 83 लाख रुपये बकाया, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र

Gargachary Times 10 September 2026, 21:04 42 views
Firozabad
शिकोहाबाद पराग डेयरी पर किसानों के दूध का 83 लाख रुपये बकाया, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र
पांच सितंबर को अचानक बंद हुई शिकोहाबाद स्थित पराग डेयरी का मामला अब जिलाधिकारी की चौखट तक पहुंच गया है। गुरुवार को दुग्ध समितियों के सदस्यों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से मुलाकात कर पराग डेयरी पर किसानों के दूध के भुगतान का करीब 83 लाख रुपये बकाया होने की शिकायत की और डेयरी को दोबारा चालू कराने की मांग की। दुग्ध समितियों के सदस्यों ने जिलाधिकारी को बताया कि पांच सितंबर को पराग डेयरी के जीएम केपी सिंह ने बिना किसी पूर्व सूचना के शिकोहाबाद स्थित प्लांट पर अचानक ताला लगा दिया। इससे बड़ी मात्रा में किसानों का दूध खराब हो गया। उनका आरोप है कि डेयरी बंद होने के कारण दुग्ध समितियों के सामने भुगतान का संकट खड़ा हो गया है। समितियों के सदस्यों के मुताबिक कोरोना काल के समय का करीब 55 लाख रुपये बकाया पहले से चल रहा है, जबकि वर्तमान में किसानों से लिए गए दूध का करीब 28 लाख रुपये भुगतान भी लंबित हो गया है। कुल मिलाकर करीब 83 लाख रुपये का भुगतान फंसने से समितियों के सदस्य परेशान हैं। उनका कहना है कि जब उन्हें ही भुगतान नहीं मिलेगा तो वे किसानों को उनके दूध का पैसा कैसे दे पाएंगे। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने पराग डेयरी के जीएम केपी सिंह से फोन पर बात की। जीएम ने बताया कि शिकोहाबाद पराग डेयरी का प्लांट घाटे में चल रहा था, जिसके चलते उसे बंद करना पड़ा।वहीं दुग्ध समितियों के सदस्यों ने वर्ष 2022 का मामला भी उठाया। उनका कहना है कि चुनावी वर्ष में भी प्लांट इसी तरह बंद कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र की करीब 25 दुग्ध समितियां चुनावी प्रक्रिया से बाहर हो गई थीं। सदस्यों ने आशंका जताई कि यदि इस बार भी प्लांट जल्द शुरू नहीं हुआ तो समितियों के सामने फिर चुनावी प्रक्रिया से वंचित होने का संकट खड़ा हो सकता है।दुग्ध समितियों के सदस्यों ने जिलाधिकारी से बकाया भुगतान कराने और शिकोहाबाद पराग डेयरी प्लांट को जल्द चालू कराने की मांग की है।
Follow Samachar24