Loading...

यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 55 ऑटो के चालान और 10 ई-रिक्शा सीज

Gargachary Times 10 September 2026, 21:06 87 views
Firozabad
यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 55 ऑटो के चालान और 10 ई-रिक्शा सीज
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो, अतिक्रमण और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने के खिलाफ कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 55 ऑटो के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए। इसके साथ ही जैन मंदिर, आसफाबाद चौराहा, एटा चौराहा शिकोहाबाद, सुभाष चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।यातायात पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा एवं संचालित करने के निर्देश दिए, जिससे चौराहों पर जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रहे। नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा संचालित किए जाने पर भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 10 ई-रिक्शों को सीज किया गया तथा संबंधित वाहन स्वामियों को भविष्य में नाबालिगों से वाहन न चलवाने की कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार, इसी अभियान के तहत 9 सितंबर को भी 28 ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और नाबालिगों द्वारा संचालित 12 ई-रिक्शों को सीज किया गया था। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन सहयोग करें।
Follow Samachar24