डायट में साइबर जागरूकता अभियान, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए तरीके
Gargachary Times
10 September 2026, 21:06
50 views
Firozabad
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फिरोजाबाद में साइबर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध शेखर सेंगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने आयोजित किया।अभियान के दौरान प्रशिक्षणार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश व ट्रेडिंग एप, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक और यूपीआई धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया गया। साइबर सेल टीम ने ओटीपी किसी के साथ साझा न करने और सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही www.cybercrime.gov.in पर भी साइबर अपराध की सूचना दी जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों एवं अन्य लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर बचाव के उपाय बताए गए।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश अथवा लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सतर्कता और जागरूकता के जरिए स्वयं तथा अपने परिवार को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।