Loading...

नीब करोरी बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर बनेगी आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र

Gargachary Times 10 September 2026, 21:07 48 views
Firozabad
नीब करोरी बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर बनेगी आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र
श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा के महासमाधि दिवस पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए बड़ी पहल की है। बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं के लिए पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं। फिरोजाबाद के अकबरपुर गांव को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए फेज-1 में 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी। अकबरपुर में बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक, बाबा के जीवन एवं आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी हॉल, डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री विकसित की जा रही है। फेज-2 में गार्ड रूम, सार्वजनिक सुविधाएं और पत्थर के रास्ते भी बनाए जा रहे हैं।वहीं फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास की 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। यहां यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस तरह फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में पर्यटन सुविधाओं एवं बुनियादी ढांचे के विकास पर करीब 12.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।चार प्रमुख स्थल सर्किट में शामिल -नीब करोरी बाबा सर्किट’ में वृंदावन स्थित समाधि मंदिर, फिरोजाबाद का अकबरपुर, फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी बाबा आश्रम धाम मंदिर और लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर शामिल किया गया है। वृंदावन में वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी। वहीं फर्रुखाबाद स्थित आश्रम के संबंध में बताया जाता है कि बाबा ने भूमिगत गुफा में करीब 12 वर्ष साधना की थी।दिल्ली और लखनऊ से चलेंगे विशेष टूर महासमाधि दिवस के अवसर पर यूपीएसटीडीसी ने पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इनमें दो, तीन और पांच दिन की यात्राएं शामिल हैं। पर्यटकों की मांग के अनुसार इनका संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा। टूर पैकेज की जानकारी के लिए +91 91490 99890 पर संपर्क किया जा सकता है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि नीब करोरी बाबा का आस्था, सादगी और सेवा का संदेश आज भी देश-दुनिया के लोगों को प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाबा की विरासत को संरक्षित करने और उसे व्यापक स्तर पर श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने कहा कि नया आध्यात्मिक सर्किट प्रदेश के पर्यटन को नया आयाम देगा। इससे श्रद्धालुओं को बाबा की जन्मस्थली से लेकर समाधि स्थल तक उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को एक साथ देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
Follow Samachar24