दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद अक्षय यादव ने दिए जनहित के निर्देश
Gargachary Times
10 September 2026, 21:08
53 views
Firozabad
कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अक्षय यादव की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 2 लाख 75 हजार 306 किसानों को 23 किस्तों में डीबीटी के माध्यम से 756.66 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। वर्ष 2026-27 में अगस्त तक 3,700 मृदा नमूनों के लक्ष्य के सापेक्ष 3,265 नमूनों का विश्लेषण कर 2,985 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने तथा विभागीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने पर जोर दिया।उद्यान विभाग की समीक्षा में हाथवंत जैसे डार्क जोन और जल संकट वाले क्षेत्रों में ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के तहत ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।राजस्व विभाग ने बताया कि 750 गांवों में चूना मार्किंग और ड्रोन सर्वे पूरा हो चुका है तथा 1,10,219 घरौनियों का वितरण किया जा चुका है। भू-अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण का कार्य भी शत-प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई। सांसद व जनप्रतिनिधियों ने किसानों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाने की मांग की। जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायत भवनों में पंचायत सचिवों को लेखपाल के साथ बैठाया जा रहा है।
लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा में अधिक से अधिक चेकडैम बनाने, तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की कमी वाले पीएचसी व सीएचसी में तत्काल तैनाती तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।जल जीवन मिशन की समीक्षा में पुरानी पेयजल टंकियों का पुनर्निर्माण और पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया। विधायक जसराना सचिन यादव ने क्षेत्र की गैर-कार्यशील पानी की टंकियों को तत्काल चालू कराने की मांग रखी।विद्युत विभाग की समीक्षा में जर्जर तारों को ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जसराना और सिरसागंज के लंबित क्षेत्रों में खंभे व तार लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को बसों को चौराहों के बजाय निर्धारित बस स्टैंड पर खड़ा कराने को कहा गया।क्रीड़ा विभाग की समीक्षा में अलहदादपुर स्थित मिनी स्टेडियम में जल्द खेल गतिविधियां शुरू कराने के निर्देश दिए गए। सांसद अक्षय यादव ने नारखी में सांसद निधि से प्रस्तावित अंबेडकर पार्क का निर्माण शीघ्र कराने को कहा। उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार छापेमारी करने तथा बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों से बचाव के लिए दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए उनके रचनात्मक सुझावों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक शिकोहाबाद डॉ. मुकेश वर्मा, विधायक सिरसागंज सर्वेश यादव, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, ब्लॉक प्रमुख हाथवंत सुरेश यादव, निगरानी समिति सदस्य दिलीप यादव व विजय आर्या सहित सीडीओ शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त प्रशांत नगर, एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जयसवाल, एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी तथा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।