ब्रज हेरिटेज फेस्ट में फिर बजा राजीव इंटरनेशनल स्कूल का डंका
Gargachary Times
11 September 2026, 20:23
41 views
Education
मथुरा। ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, कला और प्रतिभा के रंगों से सजे ब्रज हेरिटेज फेस्ट में राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 229 पुरस्कारों के साथ विद्यालय को लगातार छठी बार ओवरऑल चैम्पियंस ट्रॉफी दिलाई। मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का बेहतर मंच साबित होते हैं।
ब्रज हेरिटेज फेस्ट-2026 की विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच, अनुशासन और टीम-भावना का ऐसा प्रदर्शन किया कि विद्यालय को सर्वाधिक अंक हासिल हुए और ओवरऑल चैम्पियन का खिताब विद्यालय की झोली में आ गया।
कला और प्रतिभा के इस मंच पर राजीव इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं को सर्वाधिक पुरस्कार और विभिन्न स्पेशल प्राइज दिए गए। आरआईएस के होनहारों ने कुल 229 पुरस्कारों के साथ ही सर्वाधिक प्रतिभागिता ट्रॉफी अपने नाम कीं। आयोजकों की तरफ से काव्यांशी मित्तल को साइकिल, सिया मूंदरा एवं मनस्विक को बैग, आदित्य मत्ता को इलेक्ट्रिक स्लेट तो श्रीनिका अग्रवाल को इलेक्ट्रिक खिलौना प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
10 सितम्बर, गुरुवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी पीठ थपथपाई। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने राजीव इंटरनेशनल स्कूल के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। सांसद हेमा मालिनी ने छात्र-छात्राओं का सांस्कृतिक गतिविधियों में कौशल निखारने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल की इस शानदार उपलब्धि पर आर.के. एज्यूकेशन हब के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि लगातार छठी बार ब्रज फेस्ट की चैम्पियनशिप ट्रॉफी जीतना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। डॉ. अग्रवाल ने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए ब्रज हेरिटेज फेस्ट के आयोजकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर पूरे ब्रज क्षेत्र में विद्यालय का जो गौरव बढ़ाया है, उसका सारा श्रेय सम्मानित शिक्षक विशाल सैनी और कोमल सैनी के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन को जाता है।
चंद्रोदय मंदिर, वृंदावन द्वारा बीते अगस्त माह में आयोजित इंटर-स्कूल सांस्कृतिक समारोह में ब्रज क्षेत्र के 40 से अधिक विद्यालयों के लगभग साढ़े सात हजार छात्र-छात्राओं ने क्विज, एक्सटेम्पोर, हैंडराइटिंग, श्लोक चैंटिंग, ड्रॉइंग, डांस, म्यूजिक, रंगोली, कृष्ण झांकी प्रजेंटेशन, ट्रेजर हंट, वैदिक स्टोरी तथा हिन्दी और अंग्रेजी निबन्ध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाया था।