Loading...

टॉप-10 अपराधियों से लेकर गैंगस्टरों तक पर होगी कड़ी कार्रवाई: एसएसपी

Gargachary Times 11 September 2026, 20:51 52 views
Firozabad
टॉप-10 अपराधियों से लेकर गैंगस्टरों तक पर होगी कड़ी कार्रवाई: एसएसपी
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों के टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, जिलाबदर और संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वाले अभ्यस्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।एसएसपी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की कुर्की और जब्तीकरण की कार्रवाई करने को कहा। महिला संबंधी अपराधों में आरोपियों के खिलाफ समयबद्ध और कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।उन्होंने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर जनसुनवाई को प्रभावी बनाने तथा फरियादियों के साथ मधुर व्यवहार करने पर जोर दिया। एसएसपी ने ऑपरेशन पहचान एप के माध्यम से अपराधियों का लगातार सत्यापन करने और सी-प्लान एप के जरिए गांवों के संभ्रांत लोगों से संपर्क बनाए रखते हुए छोटी से छोटी घटना की जानकारी लेने के निर्देश दिए। जमीन संबंधी विवादों में राजस्व विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने तथा भूमि विवाद रजिस्टर में ऐसे मामलों को अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।उन्होंने चोरों, लुटेरों, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध असलहा रखने वालों तथा वांछित, वारंटी, इनामिया और जिलाबदर अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों में लंबे समय से खड़े माल मुकदमाती वाहनों का ऑपरेशन क्लीन के तहत निस्तारण कराने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
Follow Samachar24