Loading...

19वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, फिरोजाबाद ने मैनपुरी को 6-0 से हराया

Gargachary Times 11 September 2026, 20:52 48 views
Firozabad
19वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, फिरोजाबाद ने मैनपुरी को 6-0 से हराया
फिरोजाबाद। पुलिस लाइन फिरोजाबाद के ग्राउंड में शुक्रवार को आगरा जोन की 19वीं अन्तर्जनपदीय महिला/पुरुष पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 11 से 13 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीआईजी आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय ने किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे आयोजन सचिव के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में आगरा जोन की कुल आठ पुलिस टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उद्घाटन समारोह में सभी टीमों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को मान-प्रणाम किया। इसके बाद फिरोजाबाद टीम के कप्तान अभिषेक ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। डीआईजी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला फिरोजाबाद पुरुष पुलिस हॉकी टीम और मैनपुरी पुलिस हॉकी टीम के बीच खेला गया। मुकाबले में फिरोजाबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनपुरी को 6-0 के बड़े अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, टीम मैनेजर, आमंत्रित अतिथिगण और विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।
Follow Samachar24