Loading...

यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 87 ओवरलोड ऑटो के चालान, 14 वाहन सीज

Gargachary Times 11 September 2026, 20:52 52 views
Firozabad
यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 87 ओवरलोड ऑटो के चालान, 14 वाहन सीज
फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो, नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन और प्रमुख चौराहों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने जैन मंदिर, आसफाबाद चौराहा, एटा चौराहा शिकोहाबाद, सुभाष चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 87 ऑटो के चालान किए गए। वहीं इसी मामले में 10 ऑटो सीज किए गए। नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने पर चार ई-रिक्शे सीज किए गए तथा संबंधित लोगों को भविष्य में नाबालिगों से वाहन न चलवाने की कड़ी चेतावनी दी गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की है। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
Follow Samachar24