Loading...

साइबर फ्रॉड गैंग का वांछित आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा

Gargachary Times 11 September 2026, 20:53 55 views
Firozabad
साइबर फ्रॉड गैंग का वांछित आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा
फिरोजाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान वज्र के तहत सिरसागंज पुलिस ने साइबर फ्रॉड के संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के 10,500 रुपये नकद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, चार बैंक पासबुक, एक चेकबुक, एसबीआई की निर्देश पुस्तिका, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुराग उर्फ गोपाल पुत्र सुरेंद्र कुमार मूल निवासी नगला मुइउद्दीनपुर, थाना खुर्जा सिटी, बुलंदशहर और हाल निवासी रामचरन वाली गली, सिरसागंज है। उसे शुक्रवार को किठौत मोड़, थाना सिरसागंज से गिरफ्तार किया गया। आरोपी थाना सिरसागंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 में वांछित था।पुलिस की जांच में सामने आया कि अनुराग उर्फ गोपाल अपने सह अभियुक्त शैलेंद्र और अन्य साथियों के साथ मिलकर दूसरे राज्यों के लोगों को फोन करता था। आरोपी फर्म और होटलों को ऑनलाइन रेटिंग देने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते और उनसे अपने बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे।जांच के दौरान आरोपी के बैंक खातों के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर कुल आठ शिकायतें मिलीं। पुलिस के मुताबिक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से करीब 17.08 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड से संबंधित छह शिकायतें और एसबीआई के खाते से एक लाख रुपये के फ्रॉड से संबंधित दो शिकायतें मिली हैं। दोनों खातों में एक माह के भीतर करीब 24 लाख रुपये की साइबर फ्रॉड की रकम आने की बात सामने आई है। इस मामले में सह अभियुक्त शैलेंद्र पुत्र लज्जाराम कुशवाह, निवासी कृष्णानगर, सिरसागंज को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर 13 जुलाई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार अनुराग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक मानसी, उपनिरीक्षक अरुण अधाना समेत हेड कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल अमित सिंह, राजेंद्र सिंह, अंकुर चौहान व हर्ष मिश्रा शामिल रहे।
Follow Samachar24