Loading...

हुसैनपुर बैजुआ में स्मारक का 100 फीसदी काम पूरा, गेट कॉम्प्लेक्स, म्यूरल वर्क और पर्यटक सुविधाओं से संवरा परिसर

Gargachary Times 11 September 2026, 20:54 53 views
Firozabad
हुसैनपुर बैजुआ में स्मारक का 100 फीसदी काम पूरा, गेट कॉम्प्लेक्स, म्यूरल वर्क और पर्यटक सुविधाओं से संवरा परिसर
फिरोजाबाद। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद राजेश कुमार जादौन की स्मृति को अब भव्य स्वरूप मिल गया है। संस्कृति विभाग की ओर से ग्राम हुसैनपुर बैजुआ में शहीद के स्मारक का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया गया है। करीब 60.38 लाख रुपये की लागत वाली परियोजना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। स्मारक परिसर को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए गेट कॉम्प्लेक्स का म्यूरल वर्क, इंटरलॉकिंग पाथवे और टूरिस्ट फैसिलिटी विकसित की गई हैं। इसके साथ ही पुराने गेट और स्मारक का जीर्णोद्धार भी कराया गया है। सुविधाओं के विकास से यह स्थल शहीद की स्मृति के साथ-साथ स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।अमर शहीद राजेश कुमार जादौन ने भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट में सैन्य सेवा शुरू की थी। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने विभिन्न रक्षा अभियानों में भाग लिया। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात 3वीं राष्ट्रीय राइफल्स में भेजा गया। 25 जून 2001 को राजौरी, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आखिरी सांस तक मुकाबला किया और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और सेवा को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। जनवरी 2023 में 6 यूपी बटालियन एनसीसी, फिरोजाबाद की ओर से उनके परिवार को सम्मानित किया गया था। भारत सरकार के ‘शत-शत नमन’ कार्यक्रम के माध्यम से भी उनके बलिदान को श्रद्धांजलि दी गई। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शहीद राजेश कुमार जादौन का बलिदान अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। सरकार शहीदों की स्मृतियों और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हुसैनपुर बैजुआ में विकसित किया गया यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, वीरता और देशप्रेम से परिचित कराने के साथ राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
Follow Samachar24