Loading...

राष्ट्रीय लोक अदालत, में वादकारियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क व विशेष स्टॉल

Gargachary Times 11 September 2026, 20:55 40 views
Firozabad
राष्ट्रीय लोक अदालत, में वादकारियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क व विशेष स्टॉल
फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय परिसर सहित जनपद के सभी संबंधित न्यायालयों में किया जाएगा। लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। वादकारियों और आमजन की सुविधा के लिए न्यायालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। यहां वादकारी अपने मुकदमे से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ ही लोक अदालत की प्रक्रिया और निस्तारण संबंधी आवश्यक जानकारी ले सकेंगे। इसके अलावा परिवहन एवं यातायात विभाग से संबंधित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां वाहन चालान और यातायात से जुड़े मामलों में जानकारी व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, विद्युत, दूरसंचार, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, श्रम विवाद, राजस्व संबंधी मामलों के साथ अन्य शमनीय एवं सुलह योग्य वादों का निस्तारण कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान कराया जाता है, जिससे समय और धन की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच आपसी संबंध बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिलती है। लोक अदालत को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
Follow Samachar24