आर्म रेसलिंग का तीन दिवसीय विशेष निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर संपन्न
Gargachary Times
12 September 2026, 18:18
57 views
Mathura
फतेहपुर सीकरी। एनएच-21 स्थित एसआर पब्लिक स्कूल परिसर में श्री राम इंटर कॉलेज में विद्यालय प्रबंधन समिति के तत्वावधान एवं इंडियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन के निर्देशन में आयोजित तीन दिवसीय विशेष निःशुल्क आर्म रेसलिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन आज उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने की।
विद्यालय प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यालय के बालक-बालिकाओं को आर्म रेसलिंग खेल की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उन्हें जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन से ग्रामीण एवं विद्यालय स्तर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
इंडियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लोकेश चाहर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आर्म रेसलिंग को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के लिए मान्य खेलों की सूची में शामिल किया गया है। इससे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर की आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए भी यह खेल महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एवं इंडियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन की तकनीकी अधिकारी मनीषा चाहर तथा चीफ फौजदार समीर चाहर ने खिलाड़ियों को सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को सही पकड़, पोजीशन, तकनीकी कौशल, शक्ति के संतुलित उपयोग तथा प्रतियोगिता के दौरान अपनाई जाने वाली विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया।
शिविर के अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले बालक एवं बालिका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल एवं तकनीकी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बालिका वर्ग के विजेता
50 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: जया — कक्षा 9वीं
- द्वितीय: रिया चाहर — कक्षा 12वीं
- तृतीय: वंदना राजपूत — कक्षा 11वीं
55 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: रेनू — कक्षा 10वीं
- द्वितीय: वंदना सोगरवाल — कक्षा 12वीं
- तृतीय: सुजाता — कक्षा 12वीं
बालक वर्ग के विजेता
50 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: गीतम — कक्षा 9वीं
55 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: करण — कक्षा 9वीं
60 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: हरेंद्र — कक्षा 12वीं
65 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: नितिन डोरा — कक्षा 10वीं
75 किलोग्राम भार वर्ग
- प्रथम: अमन — कक्षा 11वीं
विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास है।
शिविर के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से प्रबंधक देवेंद्र सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा प्रशिक्षकों का माल्यार्पण कर, फेंटा बांधकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अंतिम मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से विद्यालय एवं ग्रामीण क्षेत्र में छिपी आर्म रेसलिंग प्रतिभाओं को उचित मंच एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।