Loading...

हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, कवियों ने बांधा समां

Gargachary Times 13 September 2026, 20:31 53 views
Mathura
हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, कवियों ने बांधा समां
गोवर्धन - हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर गोवर्धन में एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदी के सम्मान और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में हास्य, श्रृंगार, वीर रस और देशभक्ति की धारा बही। कार्यक्रम का आयोजन श्री बाबू लाल महाविद्यालय गोवर्धन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध कवियों एवं श्री बाबू लाल महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन माँ सरस्वती के समक्ष किया गया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ रमाशंकर पाण्डेय ने की। मंच का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक एवं कवि गोपाल प्रसाद उपाध्याय गोप द्वारा किया गया । इस अवसर पर जाने-माने कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि अभिषेक कौशिक ने अपनी हास्य कविता से सभी को लोटपोट कर दिया। श्रृंगार रस की कवित्री कीर्ति शर्मा ने अपनी श्रंगारिक रचना राधे बरसाने वाली प्रस्तुत कर वाह वाही लूटी। प्रसिद्ध कवित्री रेनू उपाध्याय ने हिंदी की वर्तमान दशा पर अपनी कविता प्रस्तुत की। प्रसिद्ध कवि विनीत गौतम ने बेटियों पर कविता प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। वरिष्ठ कवि एवं ब्रज साहित्य परिषद न्यास के महामंत्री हरी बाबू ओम ने वर्तमान हिंदू मुस्लिम एकता और सामाजिक समस्या पर अपनी कविता प्रस्तुत की। अन्य कवियों में प्रमुख रूप से डॉ धर्मराज डॉ प्रसून पांडे ने अपनी प्रस्तुति पर तालियां बटोरी। कार्यक्रम का संयोजन मुख्य अनुशासन अधिकारी एवं कवि डॉ धीरज कौशिक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में श्री बाबू लाल शिक्षण संस्थान समूह के निदेशक नंदकिशोर शर्मा एड. ने कहा, "हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी मातृभाषा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।" अंत में श्री बाबू लाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ लीविस कुलश्रेष्ठ ने सभी कवियों का आभार व्यक्त किया तथा दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, छात्र और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री बाबू लाल महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ उम्मेद सिंह,श्री बाबू लाल कॉलेज आफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ कृष्णा कुशवाह, वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ योगेंद्र प्रसाद गोयल, कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ जयप्रकाश सिंह, विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ रेखा शर्मा, डॉ विमलेश सिकरवार,डॉ प्रीति वर्मा, डॉ भूमि सिंह, डॉ रवि शंकर चौधरी, डॉ चंद्रशेखर जोशी,डॉ शकील अहमद, डॉ नवीन पाल, डॉ अतुल कुमार आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Follow Samachar24