डॉ. सोनम सेठ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया फिरोजाबाद का मान, श्रीलंका में देंगी ‘कीनोट एड्रेस’
Gargachary Times
13 September 2026, 20:38
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद के लिए गौरव का विषय है कि नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्रीमती रेवती इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सोनम सेठ को श्रीलंका के साब्रागम्वा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमंत्रित होने से शिक्षा एवं साहित्य जगत में हर्ष की लहर है।साब्रागम्वा विश्वविद्यालय के भाषा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. चंपा एस. डी. सिल्विया की ओर से भेजे गए आमंत्रण पत्र के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का विषय “आधुनिकता के आख्यान: मार्टिन विक्रमासिंघे और मुंशी प्रेमचंद का तुलनात्मक अध्ययन” रखा गया है। इस अवसर पर डॉ. सोनम सेठ “प्रेमचंद की साहित्यिक यात्रा” विषय पर अपना मुख्य बीज वक्तव्य प्रस्तुत करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन 25 सितंबर 2026 को सुबह नौ बजे श्रीलंका के बेलिहुलोया स्थित फैकल्टी प्रिमाइसेस ऑफ सोशल साइंसेज एंड लैंग्वेजेस में किया जाएगा। कार्यक्रम साब्रागम्वा विश्वविद्यालय श्रीलंका के भाषा विभाग, स्व. मधुर नारायण मिश्रा अंतर्राष्ट्रीय हिंदी अनुसंधान केंद्र, बस्ती तथा टूरिज्म एंड हिस्टोरिकल एकेडमी ऑफ राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
डॉ. सोनम सेठ को अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किए जाने पर जनपद के शिक्षाविदों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल डॉ. सोनम सेठ के लिए बल्कि पूरे फिरोजाबाद जनपद के लिए गौरव का विषय है।