मायावती ने बीमारी की अफवाहों को किया खारिज: बोलीं- बिल्कुल ठीक हूं, आकाश अभी भी ससुर के इशारे पर चल रहे
Gargachary Times
13 September 2026, 20:53
33 views
Lucknow
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपनी बीमारी की खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने लखनऊ में प्रेस कॉफ्रेंस में कहा- मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। अपना काम कर रही हूं।
मायावती बोलीं-
पार्टी से निकाले गए लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि मैं बीमार हूं इसलिए बड़े मामलों पर भी सीधे X पर ट्वीट करके जानकारी दे रही हूं। इसी वजह से आज मैं आपके सामने आई हूं।
उन्होंने कहा- इसका सबूत है कि पार्टी के इंचार्ज आलोक कुमार के पास शनिवार रात 10:04 बजे भतीजे आकाश आनंद का फोन आया। पूछा- बहनजी बीमार हैं क्या? उनका स्वास्थ्य कैसा है?
आलोक कुमार ने कहा- वह बिल्कुल ठीक हैं। काम में लगी हैं। इस पर आकाश ने आलोक कुमार से कहा कि मेरी यह बात बहनजी को मत बताना और फोन रख दिया। यह गंभीर बात है।
आकाश की यह मानसिकता सही भी हो सकती है और गलत भी। अभी भी वह अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहे हैं। आकाश अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हो पाए हैं, इसीलिए उन्हें पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया।
दरअसल, मायावती 3 सितंबर को लखनऊ में सार्वजनिक तौर पर नजर आई थीं। उन्होंने बसपा नेताओं के साथ बैठक की थी। इसके बाद से वह X पर ट्वीट करके फैसलों की जानकारी दे रही हैं।
मायावती ने 4 दिन पहले आकाश को पार्टी में पद वापस देने के लिए उनके ससुर और पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने की शर्त रखी थी। 17 घंटे बाद अशोक सिद्धार्थ ने संन्यास का ऐलान कर दिया।
इसके बाद भी मायावती ने आकाश को पार्टी में पद नहीं दिया। ट्वीट करके आकाश को पार्टी से बाहर कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आकाश को पार्टी और मिशन से ज्यादा अपने ससुर प्रिय हैं।
शनिवार को मायावती ने X पर फिर लंबी-चौड़ी भावुक पोस्ट की। इसमें ऐलान किया कि आकाश ही नहीं, बल्कि ईशान को भी पार्टी में कोई पद नहीं दिया जाएगा। उन्होंने भतीजी दीपिका आनंद को पार्टी की कमान सौंपने के संकेत दिए।