Loading...

बरौली-कचनाऊ मार्ग बना परेशानी का सबब, जलभराव और कीचड़ से छात्र-ग्रामीण बेहाल

Gargachary Times 14 September 2026, 21:12 60 views
Mathura
बरौली-कचनाऊ मार्ग बना परेशानी का सबब, जलभराव और कीचड़ से छात्र-ग्रामीण बेहाल
बलदेव। प्रदेश सरकार भले ही सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे कर रही हो, लेकिन बलदेव क्षेत्र का बरौली-कचनाऊ मार्ग इन दावों की वास्तविकता बयां कर रहा है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा होने से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना पड़ता है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जलभराव के कारण कई स्थानों पर सड़क की पहचान तक मुश्किल हो जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सरकारी मॉडल इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय और नर्सिंग कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उनका सवाल है कि जब लगातार शिकायतें और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया जा चुका है, तब भी सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही। कचनाऊ निवासी अमित चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क को दुरुस्त कर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरौली-कचनाऊ मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
Follow Samachar24