जनगणना की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
Gargachary Times
14 September 2026, 21:25
63 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, सटीक और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में जनगणना एवं स्व-गणना को लेकर समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल मौजूद रहीं।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को उनके दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने तथा आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के लिए तैयार की गई 40 प्रश्नों की प्रश्नावली को त्रुटिरहित ढंग से भरना सुनिश्चित किया जाए। इसमें मूलभूत जानकारी, जनसांख्यिकी, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विशेषताएं, भाषा, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियां, प्रवास, प्रजननता, पहचान सहित अन्य विवरण शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे प्रगणकों का कार्य आसान होने के साथ आंकड़ों की सटीकता और विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। इसके लिए ब्लॉक स्तर के साथ शिक्षा, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, पंचायती राज एवं अन्य विभागों तथा सोशल मीडिया और स्थानीय प्रभावशाली लोगों का सहयोग लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।उन्होंने पर्यवेक्षकों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्धारित प्रतिशत के अनुसार फील्ड डेटा की अनिवार्य जांच करने के निर्देश दिए। मकानों के प्रकार, शिक्षा, आयु-अंतर समेत अन्य विवरणों में विसंगतियों को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
बताया गया कि जनगणना का यह महत्वपूर्ण चरण 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशिक्षण की गुणवत्ता जांचने के लिए क्यूआर कोड और ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा। कमजोर प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों के लिए पुनः प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को राष्ट्रपति पुरस्कार एवं अन्य प्रशस्ति पत्रों से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और एडीएम ने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े मतदाता सूची, लिंगानुपात और अन्य जनसांख्यिकीय आंकड़ों को बेहतर बनाने में सहायक होंगे। ये आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करेंगे।
बैठक में जिला प्रभारी जनगणना-2027 अजीत सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अजीत सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया।