सेवा संकल्प अभियान को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाएं: प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी
Gargachary Times
14 September 2026, 21:26
76 views
Firozabad
फिरोजाबाद। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे पूरे जनपद में ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाया जाए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन से बड़ा उत्सव हमारे लिए नहीं हो सकता। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से बेहतर तालमेल एवं शत-प्रतिशत समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर घर और सार्वजनिक स्थानों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान के प्रथम दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। शासन की योजनाओं से लाभान्वित 80 प्रतिशत लाभार्थियों के घरों, ग्राम पंचायत सचिवालयों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों पर फल वितरण भी किया जाएगा।
योजनाओं से वंचित पात्रों को मिलेगा लाभ
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विशेष कैंप लगाकर ऐसे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिन्हें अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है। आयुष्मान कार्ड बनाने, विधवा पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।प्रभारी मंत्री ने स्वच्छता अभियान को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह केवल दिखावे तक सीमित न रहे। धरातल पर 25 दिनों तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की होगी भागीदारी
‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं ‘नमो सेवा’ के तहत प्रेरणादायी एवं सेवा भाव से जुड़ी अनकही कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन वडनगर से वाराणसी तक किया जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना पर केंद्रित होगा। इसका उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें देश की संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख फिरोजाबाद लक्ष्मी नारायण यादव, ब्लॉक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, ब्लॉक प्रमुख जसराना संध्या राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त, डीएफओ, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।