शिल्ट उठाने के नाम पर नहर की पटरी खोदने का आरोप, जेसीबी से मिट्टी खुदाई का वीडियो वायरल
Gargachary Times
15 September 2026, 19:56
18 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर क्षेत्र में भूड़ा पुल के पास लोअर गंगा नहर की पटरी की कथित तौर पर खुदाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिंचाई विभाग की अनुमति से शिल्ट उठाने के नाम पर नहर की पटरी की कई फीट गहराई तक मिट्टी जेसीबी से खोदी जा रही है। मौके पर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर मिट्टी लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिल्ट हटाने की आड़ में नहर की वर्षों पुरानी पटरी को ही खोदा जा रहा है। यदि पटरी कमजोर हुई तो बरसात या नहर में पानी का दबाव बढ़ने पर ओवरफ्लो अथवा कटान का खतरा पैदा हो सकता है, जिससे आसपास के गांवों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है।मामले में पुराने पेड़ों को काटे जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि पेड़ों को काटकर वहां से हटाया जा रहा है, जबकि संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।आरोप यह भी है कि सिंचाई विभाग द्वारा किसी निजी कर्मचारी अथवा व्यक्ति को शिल्ट उठाने का ठेका दिया गया है और इसी की आड़ में नहर की पटरी से मिट्टी निकाली जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर सिंचाई विभाग के अभियंता सुनील कुमार से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने मौके की स्थिति दिखवाने की बात कही। कैमरे के सामने उन्होंने विस्तृत जानकारी देने के बजाय मामले को दिखवाने की बात कही। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर शिल्ट हटाने की अनुमति में नहर की पटरी की खुदाई का प्रावधान था या नहीं और मौके से निकाली जा रही मिट्टी का इस्तेमाल अथवा परिवहन किस अनुमति के तहत किया जा रहा है।ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर नहर की पटरी की पैमाइश, मिट्टी उठाने की अनुमति और पेड़ों की कटाई की जांच कराने की मांग की है।