त्योहारों को सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं, अफवाह फैलाने वालों की दें सूचना: डीएम
Gargachary Times
15 September 2026, 20:05
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा जयंती, रामलीला और दशहरा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।बैठक में सभी धर्मगुरुओं ने आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी ने तहसील एवं थाना स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विसर्जन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर जल की गहराई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम एवं नगर पंचायत अधिकारियों के समन्वय से प्रकाश समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जाएं। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर पुलिस एवं प्रशासन का छोटा कंट्रोल रूम स्थापित करना अनिवार्य बताया गया।डीएम ने आतिशबाजी सामग्री के अवैध एवं असुरक्षित भंडारण, निर्माण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जुलूस एवं विसर्जन मार्गों के गड्ढों को समय से ठीक कराने के लिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देशित किया। विद्युत विभाग को जुलूस के दौरान ऊंचे वाहनों एवं झंडों के बिजली तारों से टकराने की आशंका को देखते हुए अलर्ट मोड पर रहने को कहा।उन्होंने कहा कि जुलूस में डीजे और मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो। डीजे या साउंड सिस्टम के ऊपर किसी व्यक्ति के बैठने पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही एक ही मार्ग पर स्थित प्रमुख स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में 15-15 मिनट का अंतर रखने के निर्देश दिए, ताकि यातायात जाम की स्थिति न बने।
एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि नदियों में विसर्जन न कर केवल चिन्हित स्थलों पर ही विसर्जन किया जाए। आयोजक और पुलिस प्रशासन विसर्जन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। डीजे वाहनों पर बच्चों या अन्य लोगों को बैठने से रोका जाए तथा धार्मिक एवं शांतिप्रिय गीत ही बजाए जाएं। उन्होंने जुलूस के दौरान मूर्तियों की ऊंचाई नियंत्रित रखने की अपील की, जिससे बिजली के तारों और मार्ग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।एसएसपी ने जागरूक नागरिकों से अपील की कि माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में न ले और आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें।
बैठक में एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।