अतिक्रमण हटाकर 45 ओवरलोड ऑटो के चालान, दो नाबालिग चालकों के ई-रिक्शा सीज
Gargachary Times
16 September 2026, 21:21
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने बुधवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान ओवरलोड ऑटो, नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन, काली फिल्म और ओवरस्पीडिंग के मामलों में कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा और ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा करने के निर्देश दिए गए।मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 45 ऑटो के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए। नाबालिगों द्वारा संचालित दो ई-रिक्शा को सीज कर संबंधित लोगों को भविष्य में नाबालिगों से वाहन न चलवाने की चेतावनी दी गई।अभियान के दौरान आठ वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि ओवरस्पीडिंग के मामले में 175 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा विभिन्न धाराओं में 672 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट बैंक के माध्यम से लोगों को आईएसआई मार्क हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया और हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।