Loading...

किसानों की समस्याओं का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण समाधान करें अधिकारी: डीएम

Gargachary Times 16 September 2026, 21:21 53 views
Firozabad
किसानों की समस्याओं का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण समाधान करें अधिकारी: डीएम
फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसान समाधान दिवस में उपयोगी कृषि साहित्य वितरित करने तथा कृषि उपयोगी स्टालों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे को नोडल अधिकारी नामित किया। उन्होंने किसानों से प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को आयोजित होने वाले किसान समाधान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि ग्राम पंचायतों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से धान की फसल की कटाई के बाद पराली नहीं जलाने की अपील की।उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खाद-बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और खाद्यान्न खरीद सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक है। किसान जनसेवा केंद्र, लेखपाल, ग्राम सचिव अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से रजिस्ट्री में छूटे गाटों को तत्काल जुड़वाने की अपील की। पीएम किसान योजना में त्रुटियों का सुधार पीएम किसान पोर्टल के मिसिंग अपडेट ऑप्शन के माध्यम से कराया जा सकता है। जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि आगामी रबी सीजन में तिलहनी फसल तोरिया की मिनीकिट ई-लॉटरी के माध्यम से वितरित की जाएगी। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। राजकीय बीज भंडारों पर अनुदानित दरों पर जौ, चना, मसूर और गेहूं की उन्नतशील प्रजातियों के बीज उपलब्ध रहेंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता ने बताया कि जिले में एफएमडी एवं एलएसडी टीकाकरण अभियान चल रहा है। पशु संबंधी आपात स्थिति में किसान टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला उद्यान अधिकारी चंद्रप्रकाश अवस्थी ने निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर भंडारण प्रभार में छूट की योजना की जानकारी दी। योजना के तहत प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर की सीमा तक 20 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान बताया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक पृथ्वी पाल सिंह ने लौकी, तोरई, कद्दू आदि उद्यानिकी फसलों में फल मक्खी की रोकथाम के उपाय बताए। कार्यक्रम में विद्युत, सिंचाई, लघु सिंचाई, सहकारिता, बैंक, मंडी, खाद्य विपणन, नलकूप, फसल बीमा, पशुपालन एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भी सहभागिता की। अंत में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Follow Samachar24