बलदेव छठ पर बड़े दाऊ जी मंदिर में भक्ति का महासागर, पंचामृत अभिषेक व छप्पन भोग के दिव्य दर्शन
Gargachary Times
17 September 2026, 18:57
6 views
Dharam
वृन्दावन। श्रीधाम वृन्दावन की अनाज मंडी स्थित प्राचीन बड़े दाऊ जी मंदिर में बलदेव छठ का पावन उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्री बलराम स्वरूप श्री दाऊ जी महाराज का वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पंचामृत अभिषेक संपन्न हुआ, वहीं ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या में भक्तजन देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
जानकारी देते हुए मंदिर के सेवायत दीपक गोस्वामी ने बताया कि प्रातःकाल मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री दाऊ जी महाराज का दूध, दही, घृत, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक कराया गया। अभिषेक के पश्चात ठाकुर जी का आकर्षक श्रृंगार कर मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर दाऊ जी महाराज के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव से दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते रहे।
विशेष अवसर पर ठाकुर जी को विविध प्रकार के मिष्ठान्न, फल, मेवा और व्यंजनों से सुसज्जित छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग की भव्य सजावट भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग के दर्शन कर स्वयं को धन्य माना और भगवान से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सायंकाल मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने भगवान बलराम और श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों और संकीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए तथा देर रात तक भक्ति का यह सिलसिला जारी रहा।
बलदेव छठ महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने भी मंदिर पहुंचकर दाऊ जी महाराज के दर्शन किए। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों ने ब्रज की आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक वैभव को जीवंत कर दिया तथा श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विष्णु गोपाल गोस्वामी, धीरज गोस्वामी, अनंत गोस्वामी, श्रीवत्स गोस्वामी , किशोरी बाबा, हरि बल्लभ शर्मा छोटे ठाकुर, राजेश किशोर गोस्वामी, अनूप शर्मा, प्रेम शर्मा, माधव भारद्वाज, जगन्नाथ पोद्दार, अभिषेक शर्मा, भार्गव मुखिया हेमंत भारद्वाज, रितेश भारद्वाज, मोहित आदि उपस्थित रहे।