स्वर्ण जयंती महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा श्रीमद्भागवत जयंती एवं श्रीराधाष्टमी झूलन महोत्सव
Gargachary Times
17 September 2026, 18:57
4 views
Mathura
वृंदावन। भगवान श्रीराधाकृष्ण की भक्ति और भागवत परंपरा को समर्पित श्रीमद्भागवत जयंती एवं श्रीराधाष्टमी झूलन महोत्सव इस वर्ष स्वर्ण जयंती महोत्सव के रूप में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। 19 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी भक्तजन सहभागिता करेंगे।
गुरुवार को रूकमणि विहार क्षेत्र स्थित सत्य सनातन सेवा संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट, भागवत पीठ में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें बागीश जी महाराज ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कथा व्यास उत्तराधिकारी युवराज स्वामी श्री श्रीधराचार्य जी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा रसवृष्टि की जाएगी, जबकि आचार्य पीठ एवं भागवत पीठ के पीठाधीश्वर श्रद्धेय श्री वागीश जी महाराज राधा तत्व एवं गोपीगीत पर अपने आध्यात्मिक विचारों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
आयोजन के दौरान कलश यात्रा, महात्म्य कथा, कुंती स्तुति, भीष्म स्तुति, श्रीशुकदेव प्राकट्य, ध्रुव एवं प्रह्लाद चरित्र, श्रीनृसिंहावतार, वामन अवतार, श्रीरामावतार तथा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जैसे प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग, महारास कथा, गोपी-उद्धव संवाद, श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह उत्सव तथा सुदामा चरित्र जैसे कार्यक्रम भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
सायंकालीन सत्र में श्रीराधा जन्मोत्सव की बधाइयाँ, गोपीगीत, बधाईगान, संत-विप्र सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के समापन अवसर पर पूर्णाहुति, महाप्रसाद वितरण एवं भक्तों के लिए विशेष आशीर्वचन का आयोजन होगा।
आयोजकों के अनुसार यह वर्ष विशेष महत्व रखता है, क्योंकि श्री वागीश जी महाराज द्वारा विगत कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे भागवत झूलन महोत्सव का यह स्वर्ण जयंती वर्ष है। इसी कारण पूरे उत्सव को विशेष धार्मिक गरिमा, वैदिक अनुष्ठानों और संत-महात्माओं के सान्निध्य में संपन्न कराया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।