सूर्या फाउंडेशन की पहल, बुधवार को लगेगा फ्री हेल्थ चेकअप कैंप
Gargachary Times
22 September 2026, 18:40
53 views
Mathura
फरह। (मथुरा) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गोस्वामी चिकित्सालय, दौलतपुर रोड, दीनदयाल धाम और सूर्या फाउंडेशन मिलकर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने जा रहे हैं।
यह शिविर 24 सितंबर, बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक गोस्वामी चिकित्सालय, दीनदयाल धाम में आयोजित होगा। शिविर में फरीदाबाद के जाने-माने सर्वोदय हॉस्पिटल के अनुभवी डॉक्टर मरीजों की जांच करेंगे।
शिविर में तीन विभागों के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ क्षेत्र के लोगों की निशुल्क जांच कर उन्हें उचित सलाह देंगे। इस दौरान बीपी, हृदय, जोड़ों के दर्द और महिलाओं से जुड़ी बीमारियों की जांच की जाएगी।
क्षेत्र प्रमुख आदर्श मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि शिविर का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों तक मुफ्त और अच्छी चिकित्सा सेवा पहुंचाना है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस शिविर का लाभ उठाएं।