Loading...

प्राथमिक विद्यालय में 'मेरे सपनों का भारत' अभियान का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारम्भ

Gargachary Times 22 September 2026, 18:45 41 views
Mathura
प्राथमिक विद्यालय में  'मेरे सपनों का भारत' अभियान का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारम्भ
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत विकासखंड मथुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय, असगरपुर में “मेरे सपनों का भारत” अभियान कार्यक्रम का मंगलवार भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत, अतिथियों का राधा-कृष्ण की मनमोहक छवि भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सेवा, संस्कार और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा उनके भीतर सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति दिखी ऊर्जा और अलख की जमकर सराहना की तथा बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि किशन चौधरी ने कहा कि ्युवा पीढ़ी और विद्यार्थी ही देश की असली ताकत हैं। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत, उच्च नैतिक संस्कारों और निःस्वार्थ सेवा भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि एक सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार हो सके। इस दौरान अन्य अतिथियों ने भी देश की प्रगति में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार व रचनात्मक सोच साझा की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष (सतोहा) अजय सिंह राजावत, पार्षद लक्ष्मण सैनी, उपाध्यक्ष वीर सिंह गुर्जर, पूर्व उपाध्यक्ष शिवराम शर्मा, ठा. नारायण सिंह, नितिन भारद्वाज, हेमंत बघेल, नोडल अधिकारी सौरभ, खंड शिक्षा अधिकारी मथुरा तथा विद्यालय की प्राचार्या समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Follow Samachar24