Loading...

हर व्यक्ति को न्याय दिलाना और पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

Gargachary Times 22 September 2026, 18:54 51 views
Lucknow
हर व्यक्ति को न्याय दिलाना और पात्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने एक-एक फरियादी से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित, प्रभावी, समयबद्ध एवं न्यायसंगत समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, दिव्यांगजन सहित विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। फरियादियों द्वारा भूमि एवं राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्यवाही, शिक्षा एवं रोजगार सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं। श्री मौर्य ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। इससे सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित एवं संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि उनका सम्पूर्ण समाधान कराया जाए, जिससे पीड़ित व्यक्ति को दोबारा कहीं भटकना न पड़े और उसे बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। केशव मौर्य ने कहा कि परेशान न हों, समस्याओं का समाधान भी होगा और सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाएं भी मिलेंगी। जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है तथा प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को उनका अधिकार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध ढंग से निस्तारण कराया जाए। जिन मामलों में मौके पर जाकर जांच अथवा निरीक्षण की आवश्यकता हो, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं अथवा टीम गठित कर मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। भूमि एवं राजस्व से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए श्री मौर्य ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए और नियमानुसार प्रभावी एवं सार्थक समाधान कराया जाए। उन्होंने उत्पीड़न तथा भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित मामलों में विशेष गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केशव मौर्य ने जनता दर्शन के दौरान महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके मामलों का त्वरित गति से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि जनता दर्शन में अपनी समस्या लेकर आने वाला कोई भी पीड़ित व्यक्ति निराश होकर वापस न लौटे।
Follow Samachar24