रंगों में सजा ‘मेरे सपनों का भारत’, शिवा, श्वेता, खुशी और राशि बने विजेता
Gargachary Times
22 September 2026, 19:39
75 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ पोस्टर प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं और प्रतिभा के रंग बिखेरकर देश के सुनहरे भविष्य की तस्वीर पेश की। आर्यनगर स्थित नगर संसाधन केंद्र पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट पोस्टर बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कुछ दिन पूर्व सभी परिषदीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। विद्यालय स्तर पर चयनित पांच-पांच विद्यार्थियों ने आर्यनगर स्थित नगर संसाधन केंद्र में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, तकनीक और देश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विषयों को अपनी पेंटिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया।प्रदर्शनी में उत्कृष्ट पोस्टर के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान के छात्र शिवा शर्मा, पीएमश्री मथुरा नगर की छात्रा श्वेता, उच्च प्राथमिक विद्यालय सैलई की छात्रा खुशी तथा सुखमलपुर निजामाबाद की छात्रा राशि का चयन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड 37 आर्यनगर के पार्षद विजय शर्मा एवं नगर शिक्षाधिकारी सुधीर गुप्ता ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्राथमिक शिक्षक संघ महानगर अध्यक्ष कल्पना राजौरिया ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम का संचालन विधि मित्तल ने किया। निर्णायक मंडल में शौहरत अली, अनिल कुमार एवं सीमा भारद्वाज शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की पेंटिंग का मूल्यांकन रचनात्मकता, विषय की प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर किया।इस दौरान शिवेंद्र सिंह, ललित शर्मा, रीना शर्मा, मूवी शर्मा, रमाकांत सहित अनेक शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।