यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 930 वाहनों पर कार्रवाई 43 ओवरलोड ऑटो के चालान, 183 वाहनों पर ओवरस्पीड की कार्रवाई
Gargachary Times
22 September 2026, 19:40
55 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने मंगलवार को जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो, ड्रिंक एंड ड्राइव, काली फिल्म लगे वाहनों, अतिक्रमण तथा नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन के खिलाफ कार्रवाई की गई।जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा एवं संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिससे जाम की स्थिति न बने।अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चल रहे 43 ऑटो के चालान किए गए। वहीं 12 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई और 183 वाहनों के खिलाफ ओवरस्पीड में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर अन्य धाराओं में 702 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। दो वाहनों/ऑटो रिक्शा को नियमानुसार सीज भी किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।