तहसीलों में लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों के बस्ते जमा कर किया कार्य बहिष्कार
Gargachary Times
22 September 2026, 20:33
81 views
Mathura
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को जनपद मथुरा की पांचों तहसील में लेखपालों ने अपने अतिरिक्त क्षेत्र के बस्ते जमा कर दिए। लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र से संबंधित सभी कार्यों का बहिष्कार करते हुए केवल अपने मूल क्षेत्र में कार्य करने की चेतावनी दी है।
लेखपाल संघ के पदाधिकारियों के अनुसार संघ की ओर से पूर्व में मांग पत्र के माध्यम से शासन एवं राजस्व परिषद के समक्ष संवर्ग से जुड़ी विभिन्न मांगें रखी गई थीं।
जिसके बारे अवगत कराया कि राजस्व परिषद द्वारा 2 सितंबर 2026 तक उनकी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार किए जाने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से लेखपालों में नाराजगी है।
इसी के चलते प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 22 सितंबर को जनपद मथुरा की सदर, छाता, महावन, मांट और गोवर्धन तहसील में लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्र के बस्ते संबंधित अधिकारियों के समक्ष जमा कर दिए और अतिरिक्त क्षेत्र के कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया।
इस दौरान आगरा मंडल के खंड मंत्री भूदेव प्रसाद, जिलाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, जिला मंत्री पवन कुमार, तहसील अध्यक्ष सदर कपिल उपाध्याय, छाता के टेकचंद, महावन के पवन कुमार, मांट के चांद सैयद, गोवर्धन के नरेश शर्मा, तहसील मंत्री सदर गौरव कुमार, छाता के विनोद कुमार, महावन के पंकज कुमार, मांट के नीतेश और गोवर्धन के कमल सिंह सहित अन्य लेखपाल शामिल रहे।