20 हजार वर्ग मीटर में विकसित अवैध कॉलोनी पर चला विकाश प्राधिकरण का बुलडोजर
Gargachary Times
22 September 2026, 20:33
46 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
गोवर्धन रोड जाजोदा क्षेत्र में करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर निर्मित बाउंड्रीवॉल, गेट और सड़क को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भवानी शंकर सेठ द्वारा गोवर्धन रोड जाजोदा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के विरुद्ध
उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 के अंतर्गत वाद संख्या MTDA/Z4/ANI/2026/0001012 दर्ज किया गया था। मामले में सुनवाई के बाद 13 जुलाई 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था।
इसके बाद ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर आपत्तियों के निस्तारण का अवसर दिया गया। निर्धारित समय में आपत्तियों का निराकरण नहीं किए जाने पर आवेदन निरस्त कर दिया गया।
मंगलवार को उपाध्यक्ष के निर्देश पर सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर निर्मित बाउंड्रीवॉल, गेट एवं सड़क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।