यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 51 ऑटो-ई रिक्शा के चालान काली फिल्म उतरवाई, ओवरस्पीड में 172 वाहनों पर कार्रवाई;
Gargachary Times
23 September 2026, 19:00
64 views
Firozabad
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने बुधवार को जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा, ड्रिंक एंड ड्राइव, काली फिल्म, अतिक्रमण और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन के मामलों में कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद और टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा एवं संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिससे जाम की समस्या से बचा जा सके।अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 51 ऑटो एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। वहीं 09 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि ओवरस्पीड के मामले में 172 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर अन्य धाराओं में 654 वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन/ऑटो रिक्शा को सीज किया गया। वहीं ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।